यूपी में मौत का तूफान, बारिश से अब तक 75 की मौत, खतरा बरकरार
Share
Subscribe
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश से 49 लोगों की मौत हो गई है। सर्वाधिक 11 मौतें सहारनपुर में हुई हैं। राहत आयुक्त कार्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक पिछले दो दिनों में अब तक 49 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सबसे ज्यादा 11 लोगों की मौत सहारनपुर में हुई है। बारिश से संबंधित घटनाओं में 42 लोग घायल हुए हैं जिनमें आगरा, मेरठ और सहारनपुर में पांच-पांच लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से मिली जानकारी के अनुसार आगरा और मेरठ में छह-छह, मैनपुरी में चार, कासगंज में तीन, बरेली, बागपत और बुलंदशहर में दो-दो लोगों की मौत हुई है। वहीं, कानपुर देहात, मथुरा, गाजियाबाद, हापुड़, रायबरेली, जालौन,जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा, फिरोजाबाद, अमेठी, कानपुर नगर और मुजफ्फरनगर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश के सभी जिलों के आला अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित इलाकों का दौरा करने और राहत तथा बचाव कार्यों में तेजी बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश होने से शनिवार को अधिकांश सड़कों पर यातायात अवरुद्ध रहा, जिसके चलते पर्यटक और यात्री फंसे रहे। दिल्ली-एनसीआर, बिहार और उत्तर प्रदेश सहित 19 राज्यों में अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है, मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति अगले 48 घंटे तक बनी रहेगी। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यमुना नदी अब खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अधिकारियों का कहना है कि यमुना का जलस्तर हरियाणा के हथिनीकुंड बांध से पानी छोड़ने जाने के बाद बढ़ा है। इसके बाद दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। वहीं बिहार में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार जताए हैं। दिल्ली के अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है।